नयी दिल्ली 20 मार्च (वार्ता) न्यूजीलैंड के प्रधान मंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और न्यूजीलैंड नौसेना के प्रमुख रियर एडमिरल गारिन गोल्डिंग ने गुरूवार को मुंबई के नौसेना शिपयार्ड का दौरा कर भारतीय नौसेना के नवीनतम और देश में ही निर्मित विध्वंसक युद्धपोत आईएनएस सूरत के बारे में जानकारी ली।
पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल संजय जे सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गणमान्य व्यक्तियों को युद्धपोत के जटिल डिजाइन, अत्याधुनिक तकनीकों और दुर्जेय क्षमताओं के बारे में गहन जानकारी दी गई, जिससे राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका की झलक मिली। इसी वर्ष 15 जनवरी को नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया आईएनएस सूरत, भारतीय नौसेना का नवीनतम निर्देशित मिसाइल विध्वंसक है। मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स द्वारा निर्मित और भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो द्वारा डिजाइन किया गया यह जहाज आत्मनिर्भर भारत का एक शानदार उदाहरण है और इसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री है।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री और नौसेना प्रमुख की यह यात्रा दोनों नौसेनाओं के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एडमिरल ने गौरव स्तंभ पर पुष्पांजलि भी अर्पित की और राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले कर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
