इंदौर: सड़क पर यातायात नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी अब एनसीसी की गर्ल्स कैडेट्स भी संभालती नजर आईं. शनिवार को यातायात पुलिस के साथ एनसीसी कैडेट्स शहर के प्रमुख चौराहों पर पहुंचीं और वाहन चालकों को यातायात संकेतों का पालन करने के साथ सड़क सुरक्षा के नियम समझाए. इस दौरान कैडेट्स ने यातायात संचालन में पुलिस का सहयोग भी किया.
इंदौर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी में यातायात पुलिस ने एनसीसी कैडेट्स को अभियान से जोड़ा. अभियान से पहले यातायात थाना प्रभारी ने कैडेट्स को यातायात संचालन के दौरान दिए जाने वाले संकेतों, वाहन रोकने और आगे बढ़ाने की प्रक्रिया तथा चौराहे पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी. प्रशिक्षण के बाद एमपी गर्ल्स बटालियन के आईपीएस कॉलेज और उमिया गर्ल्स कॉलेज की एनसीसी कैडेट्स शाम 3.30 से 5.30 बजे तक शहर के प्रमुख चौराहों पर तैनात रहीं.
इस दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों, एनसीसी ऑफिसर कैप्टन नम्रता सावंत, हवलदार कमलेश और ट्रैफिक वार्डन्स के साथ कैडेट्स ने वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित कराने में सहयोग किया. चौराहों पर कैडेट्स ने वाहन चालकों को रेड लाइट पार नहीं करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने और यातायात संकेतों की अनदेखी नहीं करने के लिए समझाइश दी. सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क किया.
खुद जागरूक होकर दूसरों को भी करेंगे प्रेरित
इस संबंध में यातायात थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने नव भारत को बताया कि यातायात नियमों की जानकारी केवल पुलिस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. एनसीसी कैडेट्स को प्रशिक्षण देकर अभियानों में शामिल करने से वे खुद भी नियमों के प्रति जागरूक होंगे और दूसरे लोगों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित कर सकेंगे.
