मुंबई, 24 जून (वार्ता) लोकप्रिय टीवी धारावाहिक क्योंकि सास भी कभी बहू थी अपनी कहानी के सबसे बड़े और भावनात्मक मोड़ में प्रवेश करने जा रहा है। शो में 10 साल का लीप आने वाला है, जिसके साथ टूटे रिश्ते, बिखरा परिवार और कई अनसुलझे सवाल कहानी का हिस्सा बनेंगे।नए ट्रैक में तुलसी विरानी 10 वर्ष जेल में बिताने के बाद शांतिनिकेतन लौटती है। हालांकि, जिस परिवार को उसने कभी प्यार और एकता के सूत्र में बांधकर रखा था, वह अब पूरी तरह बदल चुका है। उसके दोनों बेटे करण और गौतम आमने-सामने खड़े हैं, जिससे विरानी परिवार के भीतर टकराव और भावनात्मक संघर्ष बढ़ने वाला है।
करण की भूमिका निभा रहे हितेन तेजवानी ने कहा कि तुलसी की वापसी करण के लिए कई पुराने जख्म और अनकहे सवाल फिर से सामने ले आती है। उन्होंने कहा, “शांतिनिकेतन में अब आपके लिए कोई जगह नहीं है।
अपनी तुलसी मां से यह कहना करण के लिए सबसे कठिन पलों में से एक था। उनकी वापसी उसे उन भावनाओं और सवालों का सामना करने पर मजबूर कर देती है, जिनके बारे में उसने कभी सोचा भी नहीं था।” उन्होंने कहा कि यह ट्रैक केवल करण के गुस्से की कहानी नहीं है, बल्कि एक ऐसे बेटे की कहानी है जो टूटे दिल, निराशा और अनगिनत सवालों से जूझ रहा है। दर्शकों को भावनाओं से भरपूर एक रोमांचक कहानी देखने को मिलेगी, जिसमें करण और गौतम परिवार तथा तुलसी की जगह को लेकर अलग-अलग राहों पर खड़े नजर आएंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या तुलसी एक बार फिर शांतिनिकेतन की दरारों को भरकर विरानी परिवार को एकजुट कर पाएगी। यह धारावाहिक प्रतिदिन रात 10:30 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होता है और जियो हॉटस्टार पर भी उपलब्ध है।

