
ग्वालियर। मध्यप्रदेश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी को लेकर एक बार फिर ग्वालियर की अनदेखी सामने आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने वेस्टइंडीज के भारत दौरे के कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के हिस्से में आने वाला एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इंदौर के होलकर स्टेडियम को दिया है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 मुकाबला 11 अक्टूबर को शाम 7 बजे इंदौर में खेला जाएगा।
ग्वालियर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के दो क्रिकेट स्टेडियम होने के बावजूद शहर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी से वंचित रह गया है। ग्वालियर में पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 6 अक्टूबर 2024 को भारत और बांग्लादेश के बीच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के रूप में खेला गया था।
उस मुकाबले से पहले भारी बारिश के कारण स्टेडियम और आसपास के क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी थी। मैदान और स्टेडियम की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठे थे। हालांकि इसके बावजूद भारत-बांग्लादेश मुकाबला सफलतापूर्वक आयोजित हुआ।
ग्वालियर से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का क्रिकेट प्रशासन से लंबे समय से जुड़ाव रहा है और मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन में सिंधिया परिवार का प्रभाव भी रहा है। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की मेजबानी के मामले में ग्वालियर को लगातार इंतजार करना पड़ रहा है।
