
दलौदा। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 71 किलो डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड कंटेनर वाहन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 10.65 लाख रुपए बताई गई है, जबकि वाहन में भरे परचून के सामान की कीमत करीब 40 लाख रुपए है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीले रंग के कंटेनर वाहन क्रमांक RJ14GP2337 से नीमच की ओर से डोडाचूरा लेकर रतलाम तरफ जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी दलौदा उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी ने पुलिस टीम के साथ ग्राम लखमाखेड़ी स्थित महू-नीमच हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें परचून के सामान के साथ चार प्लास्टिक कट्टों में कुल 71 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने वाहन चालक सुखराम पिता रामचन्द्र जाट (33), निवासी बांदरसिंदरी, जिला अजमेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया। पूछताछ में मादक पदार्थ उपलब्ध कराने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने दूसरे आरोपी गुरमित उर्फ हेप्पी पिता बल्देवसिंह (40), निवासी हरसीपिंड, जिला होशियारपुर (पंजाब), हाल मुकाम सगरग्राम, थाना जीरन, जिला नीमच को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं तस्करी से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप डांगी, सउनि प्रमोदसिंह तोमर एवं दलौदा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
