
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तीसरे दिन तीनों मंडलों और दोनों कारखानों में चिन्हित स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और कचरा संवेदनशील स्थलों पर सघन सफाई अभियान चलाया गया। जबलपुर मंडल में रेलवे स्टेशन से लगी अप्रोच रोड और अपर लाइन रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में चिकित्सा एवं इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्रमदान कर कचरा व अपशिष्ट हटाया। भोपाल मंडल में हबीबगंज रेलवे कॉलोनी, इटारसी रेलवे कॉलोनी और सीआरडब्ल्यूएस निशातपुरा में चिन्हित स्थलों की गहन सफाई के साथ उनका कायाकल्प किया गया। सफाई से पहले और बाद की स्थिति दर्ज कर बदलाव को भी रेखांकित किया गया। कोटा मंडल में स्टेशन परिसरों, रेलवे कॉलोनियों, यार्ड, ट्रैक के आसपास सहित अन्य रेल परिसरों में पुराने कचरे और अपशिष्ट को हटाकर स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया जा रहा है। रेलवे ने सफाई के बाद दोबारा कचरा न जमा हो, इसके लिए नियमित निगरानी और स्थायी स्वच्छता व्यवस्था पर जोर दिया है। ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर चल रहा यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जारी रहेगा। पश्चिम मध्य रेल ने यात्रियों, रेलकर्मियों, उनके परिवारों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
