छतरपुर। आकांक्षी विकासखंड बक्सवाहा में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत सामने आई है। ग्राम पंचायत निमानी के मझरा टोला पडसिला में प्रसव पीड़ा से परेशान 30 वर्षीय सुनीता भिलाला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को खाट का सहारा लेना पड़ा। बारिश के कारण गांव तक पहुंचने वाला कच्चा रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल गया, जिससे जननी एक्सप्रेस गांव तक नहीं पहुंच सकी।
परिजनों के अनुसार, जननी एक्सप्रेस के लिए सूचना देने के बाद करीब तीन घंटे तक वाहन का इंतजार किया गया। वाहन रास्ता खराब होने के कारण गांव तक नहीं पहुंच पाया और इसी दौरान गर्भवती महिला की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद ग्रामीणों ने सुनीता को खाट पर लिटाकर करीब दो किलोमीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से पैदल मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। वहां से निजी वाहन से उसे अस्पताल ले जाया गया।
कलेक्टर और विधायक से मांगी मदद
परिजनों ने महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए कलेक्टर और स्थानीय विधायक रामसिया भारती से भी मदद मांगी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने से बारिश के मौसम में गांव की स्थिति बेहद खराब हो जाती है। मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ती है।
2022 से सड़क निर्माण की फाइल लंबित
ग्राम पंचायत सचिव महेश शुक्ला के अनुसार, पडसिला में सड़क निर्माण के लिए 17 अक्टूबर 2022 को फाइल जमा की गई थी। इसके बाद छतरपुर से जांच दल ने गांव का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब तक सड़क निर्माण को स्वीकृति नहीं मिल सकी है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में करीब 8 से 10 आदिवासी परिवार रहते हैं। बारिश में गांव का संपर्क लगभग कट जाता है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति देकर जल्द काम शुरू कराने की मांग की है।
