नई दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) कैंसर चिकित्सा पर राजधानी में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज द्वारा शनिवार से आयोजित किये जा रहे दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ‘मैक्स ऑनको अपडेट्स 2026’ में देशभर से 800 से अधिक ऑन्कोलॉजिस्ट, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ एकत्र हुए हैं।
संस्थान की – मेडिकल ऑन्कोलॉजी की अध्यक्ष डॉ. मीनू वालिया ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि सम्मेलन में कैंसर के निदान, उपचार और बहु-विषयक देखभाल के क्षेत्र में उभरते विकास और नई प्रगति पर चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत में कैंसर अब भी एक बड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। ऐसे में कैंसर की शीघ्र पहचान, व्यक्तिगत उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच में सुधार का महत्व लगातार बढ़ रहा है।
डॉ. वालिया ने कहा, “मैक्स ऑनको अपडेट्स 2026 चिकित्सकों और विशेषज्ञों को एक साथ लाकर विकसित हो रहे वैज्ञानिक प्रमाणों और क्लिनिकल अनुभव को साझा करने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, यह हमें सामूहिक रूप से यह विचार करने का अवसर मिलेगा कि इन प्रगतियों को भारत भर में कैंसर रोगियों के लिए व्यावहारिक और बहु-विषयक देखभाल में किस प्रकार बदला जा सकता है।”
संस्थान की ओर से सम्मेलन संबंधी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार के गैर-संचारी रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत, फरवरी 2026 तक 34.71 करोड़ से अधिक लोगों की मौखिक कैंसर, 16.24 करोड़ लोगों की स्तन कैंसर और 8.73 करोड़ महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर की जांच की जा चुकी थी।
