छिंदवाड़ा. जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस बेचने वाले शिकारी को संावरी वनपरिक्षेत्र के अमले ने ग्राम संगमदीप से गिरफ्तार कर उसके पास से सुअर का मांस जब्त किया है. पश्चिम वन मंडल के सांवरी वन परिक्षेत्र की मोरडांगरी सर्किल के अंतर्गत आने वाले ग्राम संगमदीप में एक युवक के द्वारा जंगली सुअर का मांस बेचने की सूचना परिक्षेत्र अधिकारी कीर्तिबाला गुप्ता को मिली थी. जिसके बाद परिक्षेत्र अधिरी ने अपनी टीम के साथ ग्राम संगमदीप पहुंची जहां टीम ने ग्राम थुनिया निवासी अर्जुन सिंह जूनी को जंगली सुअर का मांस के साथ गिरफ्तार कर लिया. वन अमले की पूछताछ पर अर्जुन सिंह जूनी ने बताया कि उसने उसने मोहखेड़ क्षेत्र के ग्राम बडग़ौना जोशी में बड़ी लाईन टॉवर के पास पहाड़ी पर बाइक के क्लच के वायर का फंदा बनाकर जंगली सुअर का शिकार किया था और फिर बाइक पर जंगली सुअर लेकर वह ग्राम संगमदीप पहुंचा था और सुअर का मांस विक्रय कर रहा था. वन अमले ने अर्जुन सिंह जूनी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
वन अमले ने जब्त की सामाग्री
जंगली सुअर का शिकार करने वाले अर्जुन सिंह जूनी के पास से वन अमले ने जंगली सुअर का 24.200 किलो कच्चा मांस, लोहे की चादर की 1 नग तराजू, तीन नग बांट क्रमश: 200 ग्राम, 500 ग्राम, 1 किलो, एक बड़ा लोहे का चाकू 1 नग छोटा लोहे का चाकू 1 नग लकड़ी का गुटका, 1 छोटी प्लास्टिक पन्नी का पैकेट, 1 नग मोबाईल और एक बाइक जब्त किया है.
उक्त टीम ने की कार्रवाई
प्रकरण की सूचना प्राप्त होते ही वन संरक्षक मधु वी राज के पश्चिम वनमंडलाधिकारी साहिल गर्ग के निर्देशन एवं परासिया एस.डी.ओ. बिजेन्द्र खोब्रागडे के मार्गदर्शन पर परिक्षेत्र अधिकारी सांवरी सुश्री कीर्तिबाला गुप्ता, परिक्षेत्र सहायक वन पाल सत्रसूदन मिश्रा, वनरक्षक रविन्द्र सोनी, सौरभ सिंह, शैलेन्द्र वाडीवार, राहुल शर्मा, पंकज सोनी सहित अन्य सुरक्ष कर्मी ने ग्राम संगमदीप पहुंचकर कार्रवाई की गई.
