पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप
इंदौर:हीरानगर थाना क्षेत्र में रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करने वाले एक व्यापारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज जांच शुरु की.40 वर्षीय मिथुन पिता गंगाराम निवासी गणेश नगर ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह पत्नी द्वारा की गई प्रताड़ना को जिम्मेदार ठहराते नजर आया.
मिथुन की मां राजकुमारी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने पहले अपनी ही बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाकर मिथुन को ढाई साल तक जेल भिजवा दिया था. जेल में रहने के दौरान मिथुन को लकवे की शिकायत भी हो गई थी. जमानत पर बाहर आने के कुछ समय बाद उस पर फिर से एक नया प्रकरण दर्ज करवाकर उसे 10 दिन के लिए फिर जेल भिजवा दिया. हाल ही में जब उसके कारखाने में आग लगी तो पत्नी ने मिथुन पर ही आग लगाने का आरोप मढ़ दिया.
इतना ही नहीं, परिवार का आरोप है कि पत्नी ने पुलिस से मिलकर उसकी पिटाई भी करवाई. मिथुन का रेडीमेड कपड़ों का काम था और उसके पास दो कारखाने थे. लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो को भी पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है.
