न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन उन्हें अच्छी शुरुआत मिली। राजकोट वनडे के बाद टीम इंडिया के कोच के बयान ने विवाद खड़ा कर दिया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी वनडे सीरीज में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं। उनके बल्ले से अपेक्षित रन न निकल पाने के कारण न सिर्फ टीम मैनेजमेंट बल्कि खुद रोहित पर भी दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। इसी बीच दूसरे वनडे के बाद भारतीय टीम के कोच रयान टेन डोशेट का एक बयान सामने आया, जिसने विवाद को जन्म दे दिया और फैंस के साथ-साथ क्रिकेट जगत में भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
रयान टेन डोशेट के बयान ने बढ़ाई नाराजगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब रयान टेन डोशेट से रोहित शर्मा की वनडे फॉर्म को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि रोहित ऐसा खिलाड़ी नहीं हैं जो अपने निजी आंकड़ों के लिए खेलें। उन्होंने यह भी जोड़ा कि विकेट की मुश्किल परिस्थितियां और सीरीज से पहले सीमित क्रिकेट की कमी, इसके पीछे की वजह हो सकती है। हालांकि, यह बयान रोहित के समर्थकों को रास नहीं आया और सोशल मीडिया पर कोच की जमकर आलोचना शुरू हो गई।
