भूसे वाले कमरे में भरा मिला 4 क्विंटल गांजा

सतना : जिले के उचेहरा क्षेत्र में नशे के कारोबार की जेड़ें कितनी गहरी हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 24 घंटे के अंतराल में एक ओर जहां घर के कमरे में नशीली कफ सीरप की 120 पेटियों का जखीरा रखा मिला वहीं दूसरी ओर एक अन्य घर के भूसे वाले कमरे में 400 किलो गांजा की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई थी. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और नशे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है.

उचेहरा थाना प्रभारी सतीष मिश्रा से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा परसमनियां चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सखौहा खुर्द में छापेमारी की गई. गांव के सन्यासिहा टोला निवासी और संदेही रामाधार चौधरी पिता बाबूलाल उम्र 50 वर्ष के घर की तलाशी लिए जाने पर पहले तो सब कुछ सामान्य नजर आया. लेकिन पुलिस टीम जब छानबीन करते हुए घर के भूसे वाले कमरे में पहुंची तो प्लास्टिक की बोरियां रखी नजर आईं.

जिन्हें खोलकर देखने पर गांजा जैया दिखाई दिया. बोरियों में कलीदार और दानेदार अवैध मादक पदार्थ गांजे की पुष्टि हुई. लिहाजा भूसे वाले कमरे में इतनी भारी मात्रा में गांजा रखा देख पुलिसकर्मी भी आश्चर्य में पड़ गए. कमरे में प्लास्टिक की 15 बोरियों में कुल 4 क्विंटल गांजा पाया गया. जिसकी कीमत 40 लाख रु आंकी गई. जिसे देखते हुए रामाधार के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई. पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ करते हुए मामले से जुड़े अन्य आरोपियों, सप्लायर और नशा तस्करी नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
आरोपी महज मोहरा..?
जिस रामाधार के घर में 4 क्विंटल गांजा का भारी भरकम स्टॉक पाया गया, जानकारी उसे महज मोहरा बता रहे हैं. जानकारों का कहना है कि पकड़े गए आरोपी की आर्थिक, सामाजिक अथवा राजनैतिक स्थिति ऐसी नहीं है जिससे कि वह नशे का इतना बड़ा नेटवर्क अपने दम पर संचालित कर सके. बताया गया कि उचेहरा के पोंडी क्षेत्र से जुड़े कुख्यात नशा तस्करों द्वारा थोड़ा लालच और थोड़ी धमकी देते हुए रामाधार को गांजे का स्टॉक रखने के लिए तैयार किया गया होगा. जिससे एक ओर जहां उनके नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर नहीं पड़ेगी वहीं दूसरी ओर उन्हें इस मामले से सीधे तौर पर नहीं जोड़ा जा सकेगा.

Next Post

महापौर के वार्ड-70 की बस्तियों में भी पानी जहरीला

Mon Jan 19 , 2026
इंदौर: देश के सबसे स्वच्छ शहर का पानी कई बस्तियों में पीने लायक नहीं है. भागीरथपुरा में हुए दूषित पेयजल कांड के बाद नागरिक स्वयं के खर्च से पानी की गुणवत्ता की जांच करा रहे हैं. जांच में खुलासा हुआ है कि महापौर के वार्ड-70 की बस्तियों में भी पानी […]

You May Like