
ओंकारेश्वर। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार को धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अखिल भारतीय दसोरा नागर समाज ट्रस्ट द्वारा 18 से 26 सितंबर तक श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
शुभारंभ अवसर पर समाजजनों और महिला मंडल द्वारा पुराने बस स्टैंड से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ निकली यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाज की धर्मशाला पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ किया गया।
आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराया जाएगा। आयोजकों ने धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कथा का लाभ लेने की अपील की है।
