इंदौर: भंवरकुआं स्थित होलकर साइंस कॉलेज में आंतरिक परीक्षा के दौरान छात्रों के एक समूह ने हंगामा कर मारपीट और तोड़फोड़ कर दी. घटना से कुछ देर के लिए परीक्षा प्रक्रिया बाधित हो गई.थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर 1 से 2 बजे के बीच कॉलेज की प्रयोगशाला क्रमांक-1 में एमएससी प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर की सीसीई परीक्षा चल रही थी. इसी दौरान करीब 1:35 बजे 15-20 छात्र जबरन कंप्यूटर लैब में घुस आए. इनमें विकेंद्र, लोकपाल, चमनदीप, अभय गुर्जर सहित अन्य छात्र शामिल बताए जा रहे हैं.
आरोप है कि छात्रों ने अंदर घुसते ही अभिषेक जाट नामक छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी. हंगामे के दौरान प्रयोगशाला में रखे सामान के साथ भी तोड़फोड़ की गई, जिससे कॉलेज की संपत्ति को नुकसान पहुंचा. अचानक हुए घटनाक्रम से परीक्षा दे रहे अन्य छात्र भी घबरा गए और कुछ समय के लिए परीक्षा बाधित हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
