इंदौर: गुरुवार को चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवलखा स्थित श्री बड़े बालाजी, श्री सिद्धेश्वर वीर हनुमान मंदिर में मनोहारी एवं आकर्षक श्रृंगार दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।
मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया, जहां विशेष रूप से फूल बंगला सजाकर भगवान हनुमान का अलौकिक श्रृंगार किया गया। रंग-बिरंगे पुष्पों से सजे इस फूल बंगले ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर हनुमानजी से सुख-समृद्धि की कामना की।
दिनभर मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रहीं और श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक दर्शन किए।
हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर शहरभर में धार्मिक उत्साह देखने को मिला और विभिन्न मंदिरों में भी विशेष आयोजन किए गए।
