राजगढ़ PWD रिकॉर्ड रूम में आग: भू-माफिया के हाथ होने की आशंका, जांच की मांग

राजगढ़। जिला मुख्यालय पर पीडब्ल्यूडी विभाग के महत्वपूर्ण रिकार्ड रुम में लगी आगजनी की घटना की उच्च स्तरीय जांच होना चाहिए. डिसमेंटल योग्य भवन में इतना महत्वपूर्ण रिकार्ड क्यों रखा था. उसमें आग कैसे लगी इन सभी कारणों की जांच हो.

उक्त बात जिला इंकाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने शनिवार को कांग्रेस प्रतिनिधि दल के साथ आगजनी वाले भवन का दौरा कर कही. उन्होंने कहा कि रिकार्ड रुम में आग लगने के कारणों का पता किया जाना चाहिए. उक्त कक्ष की चद्दरे चोरी हो चुकी है, यहां की छत को हटाया गया. भवन में किसी तरह का कोई इलेक्ट्रिक कनेक्शन भी नहीं है तो फिर आग कैसे लगी. इस मामले की जांच एडीएम स्तर के अधिकारी द्वारा कराई जाना चाहिए.

जिला इंकाध्यक्ष ने इसमें भू माफिया का हाथ होने की भी शंका जाहिर करते हुए जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि आगजनी की घटना में किसी षडयंत्र की बू आ रही है.

शासकीय भूमि पर कब्जे की हो जांच

जिला इंकाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में कई जगह पर शासकीय भूमि पर अवैध रुप से कब्जा हो रहा है. राजगढ़ सहित नरसिंहगढ़, सारंगपुर, ब्यावरा, जीरापुर आदि स्थानों पर शासकीय भूमि पर कब्जे हो रहे है. वह इसकी जांच कर शासकीय भूमि मुक्त कराने तथा शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों पर कार्यवाई की मांग करेंगे.

बार-बार आग क्यों लग रही है

जिला इंकाध्यक्ष ने सवाल किया कि आखिर शासकीय कार्यालयों, भवनों में आग क्यों लगी रही है. पूर्व में जिला चिकित्सालय व अन्य शासकीय भवनों में आग लगने का हवाला देते हुए कहा कि आखिर यह आग बार-बार क्यों लग रही है, उन्होंने कहा कि जिले में भ्रष्टाचार की आग फेल रही है. भ्रष्टाचार फलफूल रहा है. इस दौरान पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी, बापू सिंह तेवर सहत कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Next Post

मुख्यमंत्री डॉ. यादव कल लाड़ली बहनों के खातों में राशि करेंगे अंतरित

Sat Apr 11 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अप्रैल को सीहोर जिले के आष्टा में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में 1836 करोड़ रूपये से अधिक की राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 184 करोड़ 92 लाख रूपये की लागत […]

You May Like