अलग-अलग घटनाओं में तीन की मौत, एक गंभीर

इंदौर:शहर और आसपास के इलाकों में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सड़क हादसे में एक युवक गंभीर घायल हो गया. क्षिप्रा में गमी से लौट रहे पिता-पुत्र की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें पिता की मौत हो गई. वहीं हीरानगर में दो दिन से उल्टियां कर रहे युवक ने दम तोड़ दिया और खजराना में 66 वर्षीय बुजुर्ग ने फांसी लगाकर जान दे दी. संबंधित थानों की पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है.

पहली घटना में क्षिप्रा थाना क्षेत्र में मांगलिया टोल नाके के पास हादसे में शिव नगर मूसाखेड़ी में रहने वाले लालकृष्ण उम्र 48 साल की मौत हो गई, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा रोहन गंभीर घायल है. दोनों भोपाल से गमी के कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से इंदौर लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लालकृष्ण को मृत घोषित कर दिया, रोहन का इलाज चल रहा है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों से टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटा रही है. दूसरी घटना हीरानगर के गायत्री नगर निवासी भोले शंकर पिता धरमदास उम्र 29 साल की दो दिन से लगातार उल्टियां होने के बाद तबीयत बिगड़ी थी.

खाना पीना बंद होने पर परिजन पहले स्थानीय स्तर पर इलाज करा रहे थे. मंगलवार को हालत ज्यादा बिगड़ी तो एमवाय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. एसीपी रुबिना मिजवानी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयानों के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा. तीसरी घटना खजराना के रामकृष्ण बाग कॉलोनी में रहने वाले राजू पिता रामप्रसाद उम्र 66 साल ने घर में फांसी लगा ली. उस समय उनकी पत्नी और बेटा समीर नगर निगम गए थे. लौटने पर दोनों को राजू फंदे पर मिले. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मामले में थाना प्रभारी मनोज सेंधव का कहना है कि मृतक के पास से किसी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, मामले में जांच की जा रही है.

Next Post

तातोपानी बंदरगाह को फिर से चालू करने के लिए नेपाल कर रहा है चीन से बातचीत: लामसाल

Wed Oct 7 , 2026
काठमांडू 07 अक्टूबर (वार्ता) नेपाल के बुनियादी ढांचा विकास मंत्री सुनील लामसाल ने कहा है कि तातोपानी बंदरगाह को फिर से चालू करने के लिए चीन के साथ बातचीत हो रही है। श्री लामसाल ने सिंहदरबार में हिमालय में जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, जलवायु न्याय और भोटेकोशी-त्रिशूली आपदाओं पर आयोजित […]

You May Like