
खिलचीपुर। भीषण गर्मी का दौर जारी है, तापमान 43 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ है. ऐसे में पानी का संकट होना मुसीबतों का पहाड़ टूटने जैसा है. इन दिनों पानी की सख्त जरुरत है. त है. किंतु खिलचीपुर के वार्ड 3 सोमवारिया में कई घरों में नलों से पानी आये हुए कई सप्ताह हो गये है. आखिरकार परेशान वार्डवासियों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए पानी उपलब्ध कराने की मांग की. लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मटके फोड़कर विरोध जताया.
जानकारी के अनुसार खिलचीपुर के वार्ड 3 सोमवारिया क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या का सामना लोग कर रहे है. वार्ड के दर्जन भर से अधिक घरों में पिछले तीन महीनों से नियमित जल आपूर्ति पूरी तरह बंद है. पानी के लिए लोगों को दूर स्थित ट्यूबवेल और पड़ोसी घरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. पानी की भारी किल्लत को लेकर शनिवार को लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.
पानी के बर्तन के साथ विरोध लोगों ने हाथों में खाली बर्तन लेकर नगर परिषद हाय-हाय के नारे लगाए, आक्रोशित लोगों ने मिट्टी के मटके जमीन पर विरोध करते हुए
फोड़ दिए, नारेबाजी करते हुए नाराजगी व्यक्त की. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया. कई परिवारों को मजबूरी में पानी के टैंकर मंगवाना पड़ रहा है.
हर दिन पानी की चिंता सताती- वार्डवासी के अनुसार पेयजल योजना के तहत लगभग 10 हजार रुपये जमा कर नया कनेक्शन लिया, लेकिन अब तक पानी नहीं मिल रहा है. कामकाज करने के बाद उन्हें रोज दूर से पानी लाना पड़ता है. जनप्रतिनिधियों एवं 181 हेल्पलाइन पर शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. बार-बार शिकायतों केबाद भी जब सुनवाई नहीं हुई तो मजबूरी में मटके फोड़कर विरोध करना पड़ा. वार्डवासियों ने प्रशासन से जल्द जल आपूर्ति
बहाल करने की मांग करते हुए कहा है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
इनका कहना है
कुछ जगह पेयजल सप्लाई के दौरान अधिक हार्स पॉवर की विद्युत मोटर लगाए जाने के कारण अन्य नलो में पानी नहीं पहुंच पाता है. नगर परिषद द्वारा आज मुनादी कराते हुए अधिक पॉवर की मोटर नहीं लगाने हेतु कहा जाएगा ताकि सभी जगह पानी उपलब्ध हो सके
दयाराम दांगी सीएमओ, नगर परिषद खिलचीपुर
