ईरान युद्ध के बाद की रणनीति पर ट्रंप न्यूयॉर्क में खाड़ी देशों के नेताओं से करेंगे मुलाकात

वाशिंगटन, 17 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 22 सितंबर को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के छह देशों के नेताओं और विदेश मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं। एक्सियोस की तीन सूत्रों के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में ईरान के साथ युद्ध के अगले चरण पर चर्चा होगी।

बैठक में युद्ध के बाद की रणनीति को लेकर अमेरिकी प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है। श्री ट्रंप और उनके वरिष्ठ सहयोगी संघर्ष समाप्त होने के बाद की स्थिति के लिए एक योजना तैयार कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, व्यापक रणनीति को अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद अंतिम रूप दिये जाने की उम्मीद है।

बैठक में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि अमेरिकी विदेश विभाग ने 16 सितंबर को खाड़ी देशों को शुरुआती निमंत्रण भेजे हैं।

एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में अन्य अरब और मुस्लिम देशों के नेताओं को भी शामिल किया जा सकता है।

प्रस्तावित वार्ता ऐसे समय में हो रही है जब वाशिंगटन संघर्ष के बाद की स्थिति और क्षेत्र के लिए रणनीति तैयार करने की कोशिश कर रहा है।

श्री ट्रंप ने एक बार फिर कहा है कि संघर्ष समाप्त होने के करीब हो सकता है, जबकि अमेरिकी अधिकारी ईरान और होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को लेकर बातचीत जारी रखे हुए हैं।

इस बीच, 24 सितंबर को वाशिंगटन में श्री ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच प्रस्तावित बैठक की तैयारियां अभी पूरी नहीं हुई हैं। बैठक से संबंधित व्यवस्थाओं और नीतिगत मुद्दों पर अभी काम चल रहा है।

सरकारी रात्रिभोज में शामिल होने वाले चीनी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की संख्या को लेकर अनिश्चितता से बीजिंग के लिए प्रतिनिधिमंडल की तैयारियां जटिल हो गयी हैं।

इस अनिश्चितता का असर इस बात पर भी पड़ा है कि कौन-कौन से चीनी प्रौद्योगिकी क्षेत्र के अधिकारी शी के साथ वाशिंगटन जा सकते हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी और अन्य आर्थिक मुद्दों पर चर्चा की तैयारी चल रही है। श्री ट्रंप ने पुष्टि की है कि शी 24 सितंबर को वाशिंगटन आएंगे और उनके सम्मान में राजकीय रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा।

 

 

Next Post

प्रधानमंत्री ने संकल्प के साथ देश की सेवा की : सांसद गुर्जर

Thu Sep 17 , 2026
मंदसौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और संकल्प के भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिवना नदी के घाट पर सामूहिक सफाई अभियान एवं श्रमदान किया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता कर स्वच्छता एवं पर्यावरण […]

You May Like