अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, छात्राओं को बनाया कानून और साइबर सुरक्षा का प्रहरी

आलीराजपुर। जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने की मुहिम एक साथ तेज हो गई है। एक ओर अलीराजपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर पिछले एक माह में 31 स्थायी वारंट तामील किए, ईनामी और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर अपराधियों पर शिकंजा कसा, वहीं दूसरी ओर “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम” के तहत छात्राओं को संविधान, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था की जानकारी देकर जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने बताया कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध लगातार विशेष धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान एक माह में 31 स्थायी वारंट तामील किए गए, जिनमें अलीराजपुर अनुभाग के 7 और जोबट अनुभाग के 24 वारंट शामिल हैं। वर्षों से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से लंबित न्यायिक प्रकरणों के निराकरण में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

विशेष अभियान के दौरान जोबट क्षेत्र में डकैती की तैयारी कर रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इनमें ₹5 हजार का ईनामी आरोपी राहुल भी शामिल है, जो पूर्व से हत्या के प्रयास सहित अन्य मामलों में फरार चल रहा था। इसके अलावा वर्षों से फरार दो स्थायी वारंटियों और एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

इधर, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद कार्यक्रम” में पीएम श्री कन्या शाला की छात्राओं को संविधान, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम, साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली संस्था नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने वाली मित्र है। उन्होंने छात्राओं से साइबर अपराध, महिला अपराध और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल ने छात्राओं को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद छात्राओं को पुलिस थाना और जिला कंट्रोल रूम का भ्रमण कराकर शिकायत पंजीयन, डायल-112 सेवा, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली और आधुनिक पुलिसिंग से अवगत कराया गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि अलीराजपुर पुलिस अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Next Post

मंदसौर-सीतामऊ मार्ग पर 211 ग्राम एमडी जब्त, एक गिरफ्तार

Thu Aug 6 , 2026
मंदसौर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर-सीतामऊ मार्ग पर कार्रवाई करते हुए 211 ग्राम अवैध एमडी जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। CBN […]

You May Like