खजुराहो: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो के पश्चिमी मंदिर समूह परिसर में 25 दिवसीय काउंटडाउन (उलटी गिनती) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि योग और खजुराहो दोनों ही भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा के संवेदनशील और गौरवशाली प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि इस काउंटडाउन इवेंट के माध्यम से देशभर के लाखों लोग योग से जुड़ रहे हैं।इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, मध्य प्रदेश के उच्च व तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार, संस्कृति व पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी और खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित सभी अतिथियों और आमजन ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है मुख्य उद्देश्य
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले शुरू होने वाला यह 25 दिनों का काउंटडाउन हर साल एक महत्वपूर्ण प्रचार-प्रसार चरण के रूप में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य देश भर में विभिन्न योग प्रदर्शनों, जागरूकता अभियानों और सामुदायिक गतिविधियों के जरिए योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और इसमें सार्वजनिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
कई दिग्गज और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
खजुराहो के ऐतिहासिक प्रांगण में आयोजित इस योग सत्र में राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, छतरपुर विधायक ललिता यादव, कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी रजत सखलेचा विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास, मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) काशीनाथ समागंडी, केंद्र व जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, योग विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं सहित आम नागरिकों ने शामिल होकर योग का संदेश दिया।
