इंदौर. तिलक नगर थाने के सामने गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार और ऑटो की भिड़ंत में ऑटो चालक सहित दो लोग घायल हो गए. टक्कर के बाद ऑटो सड़क पर पलट गया, जबकि कार फुटपाथ पर जा चढ़ी. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि कार में दो छात्र सवार थे, जो हादसे के बाद कार मौके पर छोड़कर भाग गए. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऑटो रॉन्ग साइड से आ रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही लाल रंग की कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और उसमें सवार चालक व एक अन्य युवक घायल हो गए. वहीं कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर जा चढ़ी. हादसे के बाद कार में सवार दोनों युवक मौके से निकल गए. दुर्घटना थाने के ठीक सामने होने के बावजूद घायलों को तत्काल मदद नहीं मिल सकी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एंबुलेंस पहुंचने में भी समय लगा. बाद में पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ऑटो को कब्जे में ले लिया है. कार के नंबर और अन्य जानकारी के आधार पर उसके चालक व साथ मौजूद युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. तिलक नगर थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि कार और ऑटो की टक्कर में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी. दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है. दुर्घटनाग्रस्त कार को मौके से जब्त कर लिया है. मामले की जांच कर कार चालक की पहचान की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
