इंदौर:चंदन नगर थाना क्षेत्र की श्रीकृष्ण कॉलोनी में घर के बाहर खड़े बुजुर्ग से गाली-गलौज करना पड़ोसी को भारी पड़ा. बुजुर्ग ने विरोध किया तो आरोपी ने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उन्हें जमीन पर पटक दिया और फिर चाकू से पेट में वार कर दिया. हमले में बुजुर्ग घायल हो गए. रहवासियों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
श्रीकृष्ण कॉलोनी निवासी नानूराम गोयल उम्र 55 साल शाम के समय अपने घर के बाहर खड़े थे. इसी दौरान पड़ोसी कालू उजले वहां पहुंचा और बिना किसी बात के उनके साथ गाली-गलौज करने लगा. नानूराम ने जब गालियां देने से मना किया तो आरोपी विवाद पर उतर आया. आरोप है कि कालू ने नानूराम के साथ हाथ मुक्कों से मारपीट की और उन्हें पकड़कर जमीन पर पटक दिया. इससे उनके सिर में चोट आई. इसके बाद आरोपी ने चाकू निकाला और नानूराम के पेट में घोंप दिया. चाकू लगने से वे घायल होकर गिर पड़े. चीख पुकार सुनकर आसपास के रहवासी मौके पर पहुंचे.
लोगों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगा और नानूराम को धमकी दी कि दोबारा दिखाई दिए तो जान से खत्म कर देगा. शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कालू उजले के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि बुजुर्ग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. घटना में घायल बुजुर्ग का उपचार कराया है. आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
