
मंडला। साइबर अपराध और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय के छात्रों को जागरूक किया। पुलिस कंट्रोल रूम के भ्रमण पर आए विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “युद्ध में जितने लोग नहीं मरते, उससे अधिक युवा सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा रहे हैं।”
उन्होंने छात्रों को बताया कि साइबर अपराधी बैंक अकाउंट और आधार संबंधी जानकारी लेकर लोगों के खाते से रकम निकाल लेते हैं। ऐसी स्थिति में सतर्क रहकर तुरंत पुलिस की मदद लेने की सलाह दी। वर्मा ने नशामुक्ति और हेलमेट पहनने को जीवनरक्षक आदत बनाने की अपील की।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली देखी और यातायात नियमों की जानकारी प्राप्त कर भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनने का संकल्प लिया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन व प्राचार्य कल्पना नामदेव के मार्गदर्शन में नोडल अधिकारी आरके हरदहा के नेतृत्व में हुआ। सहयोग में मुक्ता खाखा, सुजाता शर्मा, नागेंद्र चौहान, अहिल्या उइके और सेवानिवृत्त शिक्षक राजेश क्षत्री उपस्थित रहे।
