मस्कट, (वार्ता) हूती विद्राेहियों ने अमेरिकी अधिकारियों को आश्वासन दिया है कि उनकी अमेरिकी जहाजों पर हमला करने की कोई योजना नहीं है और वे वाशिंगटन के साथ 2025 में हुए युद्धविराम समझौते के प्रति प्रतिबद्ध हैं। अमेरिकी अधिकारियों की ओमान में हूती प्रतिनिधियों के साथ रविवार को हुयी एक गुप्त बैठक से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है।
‘टाइम्स ऑफ इजराइल’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह पूर्व-अघोषित बैठक ओमान की राजधानी मस्कट स्थित अमेरिकी दूतावास में आयोजित की गई थी। क्षेत्रीय मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले ओमान सरकार के सहयोग से यह बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान एक यमनी सूत्र के अनुसार, हूतियों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे सऊदी अरब से जुड़े जहाजों को छोड़कर, अमेरिकी या इजराइली जहाजों तथा अन्य वाणिज्यिक पोतों को निशाना नहीं बनाएंगे।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में दूतावास के अधिकारी शामिल थे, जबकि हूती प्रतिनिधिमंडल में मस्कट स्थित वरिष्ठ नेता मोहम्मद अब्दुलसलाम (जो अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत हैं) और अब्दुलमलिक अल-अजरी शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि ट्रम्प प्रशासन ने मार्च 2025 में हूतियों को ‘विदेशी आतंकवादी संगठन’ घोषित किया था, जिसके बाद लाल सागर में जहाजों पर हमले रोकने के लिए दो महीने तक बमबारी अभियान चलाया गया था। हालांकि, बाद में मई 2025 में दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम समझौता हो गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हाल ही में संकेत दिए थे कि हूतियों ने प्रशासन से संपर्क कर यमन युद्ध से अलग रहने का अनुरोध किया था, वहीं उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी हूतियों के साथ सीधे संपर्क की पुष्टि की थी।
