शिलांग, (वार्ता) मेघालय की राजधानी शिलांग में बुधवार को सात घंटे के भीतर पेट्रोल बम हमलों की दो घटनाएं सामने आईं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने खनिज संसाधन निदेशालय के कार्यालय और लुमडिएंगजिरी थाने को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंके।हालांकि, इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ है।
राज्य की राजधानी में पिछले एक महीने के भीतर यह छठा पेट्रोल बम हमला है और बीते चार हफ्तों में यह चौथा थाना है जिस पर पेट्रोल बम फेंका गया है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पहला हमला दोपहर लगभग 3:30 बजे रिसा कॉलोनी स्थित खनिज संसाधन निदेशालय कार्यालय पर हुआ। तीन नकाबपोश बदमाशों ने कार्यालय परिसर में दो पेट्रोल बम फेंके, जिससे वहां खड़ी एक अधिकारी की निजी कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद देर रात लगभग 9:35 बजे लुमडिएंगजिरी थाने पर पेट्रोल बम फेंका गया, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलने के कुछ ही घंटों भीतर मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने मुख्य सचिव डॉ. शकील अहमद और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ डीएमआर कार्यालय का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त वाहन के मुआवजे का आश्वासन दिया और कहा कि हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी है।
