कंजार्डा चौकी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 705 किलो डोडाचूरा, देशी पिस्टल व दो वाहन जब्त

नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान 2.0’ के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में चौकी कंजार्डा एवं थाना मनासा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 705 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 22.11 लाख रुपये बताई गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी शाबेरा अंसारी एवं थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के मार्गदर्शन में कंजार्डा पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो पिकअप वाहन की तलाशी ली, जिसमें 705 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तस्करों द्वारा पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने और मुख्य वाहन को सुरक्षा देने के लिए एक मोटरसाइकिल से पायलटिंग की जा रही थी, जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

पुलिस ने शीतल पिता प्रहलाद धाकड़, निवासी कंवरपुरा मोहन नगर, थाना जावदा, जिला चित्तौडग़ढ़ (राजस्थान) को आरोपी बनाया है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद डोडाचूरा कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति किन स्थानों पर की जानी थी तथा इस अवैध तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों एवं गिरोह की क्या भूमिका रही है। इस कार्रवाई में चौकी कंजार्डा एवं थाना मनासा पुलिस की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Next Post

मनासा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 2 हजार का इनामी बदमाश सहित दो आरोपी गिरफ्तार

Fri Jul 31 , 2026
नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वर्ष 2024 से फरार चल रहे 2 हजार के […]

You May Like