सुवा, 15 सितंबर (वार्ता) फिजी ने एचआईवी के मामलों में आयी तेजी से निपटने के सरकारी प्रयासों के तहत इसे राष्ट्रीय संकट घोषित कर दिया है।
सरकार एचआईवी संक्रमण को रोकने के लिए व्यापक प्रतिक्रिया के तौर पर औपचारिक रूप से ‘सुई और सिरिंज कार्यक्रम’ शुरू करने की तैयारी कर रही है।
देश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवा मंत्री रतू अलोनियो लालाबालवू ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि अनुमानों के अनुसार फिजी में लगभग हर 60 वयस्कों में से एक व्यक्ति एचआईवी के साथ जी रहा है।
श्री लालाबालवू ने कहा कि फिजी में 2025 के दौरान एचआईवी के कुल 2,016 नये मामलों की पुष्टि हुई थी, जबकि प्रसवपूर्व देखभाल के लिए आने वाली महिलाओं में एचआईवी की दर बढ़कर लगभग दो प्रतिशत हो गयी है।
उन्होंने बताया कि फिजी सरकार की योजना ‘सुई और सिरिंज कार्यक्रम’ को एचआईवी जांच और उपचार के विस्तार, संक्रमण-पूर्व रोकथाम तक व्यापक पहुंच और लंबे समय तक असरदार रहने वाले इंजेक्टेबल एचआईवी निवारक उपायों के साथ एकीकृत करने की है।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, सरकार नियामक आवश्यकताओं को पूरा करेगी, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेगी, चिकित्सा आपूर्ति सुनिश्चित करेगी और प्रभावित समुदायों के साथ जुड़ाव को मजबूत करेगी।
कार्यान्वयन में देरी करने वाले प्रशासनिक और नियामक मुद्दों को सुलझाने में मदद के लिए पांच सदस्यीय कैबिनेट समिति का गठन किया गया है।
श्री लालाबालवू ने बताया कि फिजी के पास सुइयों और सिरिंजों का पर्याप्त स्टॉक पहले से मौजूद है, जिन्हें राजधानी सुवा के एक गोदाम में रखा गया है। सरकार संसद के अगले सत्र में आवश्यक विधायी संशोधन पेश कर सकती है।
