खजराना के लड्डू से मैरियट की रसोई तक छापा, कहीं गंदगी तो कहीं कॉकरोच खाद्य विभाग ने की कार्रवाई 31 नमूने जांच में

इंदौर: गणेश चतुर्थी पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने शहर के प्रमुख होटलों और श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में सघन जांच अभियान चलाया. कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता की कई खामियां सामने आईं. कहीं तापमान निगरानी और स्वास्थ्य परीक्षण के अभिलेख नदारद मिले तो कहीं प्रसाद निर्माण स्थल पर गंदगी मिली. रिंग रोड स्थित फेयरफील्ड बाय मैरियट के भंडार कक्ष में कॉकरोच मिलने से स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए. टीम ने करीब 31 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए हैं.

कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देशन तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई. रिंग रोड स्थित इन्फिनिटी होटल में पनीर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और मूंग मोगर के चार नमूने लिए गए. दो प्रशीतक यंत्रों में तापमान निगरानी के उपकरण नहीं मिले और अंशांकन संबंधी अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए गए. कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध नहीं थे. भंडारण में पहले आई सामग्री को पहले उपयोग करने की व्यवस्था का पालन नहीं मिला. कच्ची और तैयार खाद्य सामग्री की जांच रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं थी.

श्रीमाया होटल में पानी की रिपोर्ट अधूरी
एबी रोड स्थित श्रीमाया होटल की रसोई और भंडारण व्यवस्था संतोषजनक मिली. उपकरणों का अंशांकन और तापमान नियंत्रण भी उचित पाया गया.
हालांकि, पानी की जांच रिपोर्ट में कीटनाशक अवशेष और भारी धातुओं की जांच शामिल नहीं थी. प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुसार रिपोर्ट पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए. यहां से पनीर, भुनी मूंगफली, पाव भाजी मसाला और मांस मसाला के चार नमूने लिए गए.

खजराना मंदिर परिसर में प्रसाद दुकानों की जांच
श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में प्रसाद के करीब 8 से 10 थोक और फुटकर काउंटरों का निरीक्षण किया गया. विक्रेताओं को खाद्य अनुज्ञप्ति प्रदर्शित करने तथा खाद्य रंग का इस्तेमाल निर्धारित मात्रा और अनुमत मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए. एकदंत प्रसाद भंडार में लड्डू निर्माण स्थल के फर्श गंदे मिले. खाद्य अनुज्ञप्ति प्रदर्शित नहीं थी और कच्ची सामग्री का भंडारण भी व्यवस्थित नहीं मिला. भालचंद्र प्रसाद भंडार में फर्श चिपचिपे, तेलयुक्त और गंदे पाए गए. कर्मचारी निर्माण क्षेत्र में चप्पल पहनकर आते-जाते मिले. उनके स्वास्थ्य परीक्षण प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए गए. प्रसाद विक्रेताओं और निर्माण केंद्रों से मोतीचूर के लड्डू, बेसन के लड्डू और मोदक सहित करीब आठ नमूने लिए गए.

मैरियट के भंडार कक्ष में कॉकरोच
रिंग रोड स्थित फेयरफील्ड बाय मैरियट से तुअर दाल, पनीर और सूखे नारियल के चूरे के तीन नमूने लिए गए. निरीक्षण में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री का भंडारण एक साथ मिला. कूड़ेदान खुले थे और गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण भी ठीक नहीं था. भंडार कक्ष में कॉकरोच मिले, जबकि कई तैयार खाद्य पदार्थ खुले रखे पाए गए. कच्ची खाद्य सामग्री के पैकेट पर आसानी से हटाए जा सकने वाले लेबल भी मिले. इससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने की आशंका सामने आई. यहां भी खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट अधूरी थी और उसमें कीटनाशक अवशेष तथा भारी धातुओं की जांच शामिल नहीं थी.

नमूनों की रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग ने अभियान के दौरान लिए गए करीब 31 नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी. गणेश चतुर्थी के दौरान हुई इस कार्रवाई से होटल और प्रसाद कारोबार में खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई दी

Next Post

पीतांबर से सजे बड़ा गणपति, चतुर्थी पर उमड़े श्रद्धालु

Tue Sep 15 , 2026
इंदौर: शहर के ऐतिहासिक बड़ा गणपति मंदिर में भगवान गणेश की स्थापना का 125वां वर्ष मनाया जा रहा है. गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान बड़ा गणपति का विशेष श्रृंगार किया गया. भगवान को पीतांबर धारण कराने के साथ आकर्षक आभूषणों और पुष्प मालाओं से सजाया गया. सुबह से ही […]

You May Like