
सिंगरौली। कलेक्टर की पहल से शुरू हुई नि:शुल्क जेईइ-नीट कोचिंग का पहला परिणाम सामने आया है। सरकारी स्कूल के छात्र अतुल ने महज तीन माह की तैयारी के बाद आईआईआईटी में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में प्रवेश हासिल किया है। वर्तमान में अतुल संस्थान में पढ़ाई कर रहा है। नवंबर 2025 में शुरू हुई इस पहल के तहत चार शासकीय विद्यालयों के 200 विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है। इनमें 100 विद्यार्थी जेईई और 100 नीट के अभ्यर्थी हैं। विद्यार्थियों को स्कूल समय से पहले विशेषज्ञ शिक्षकों की नि:शुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन दिया जा रहा है। यह पहल एनटीपीसी के सीएसआर सहयोग से संचालित है। वर्तमान सत्र में सभी 200 विद्यार्थी पूरे वर्ष नियमित रूप से जेईई और नीट की तैयारी कर रहे हैं।
