
बयान के अनुसार, राष्ट्रपति एर्दोगन ने ईरान और अमेरिका के बीच तनाव को दूर करने के लिए कूटनीति का अधिकतम उपयोग करने के महत्व पर जोर दिया और बातचीत जारी रहने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि तुर्की शांति स्थापित करने के प्रयासों का समर्थन करता रहेगा। श्री एर्दोगन ने कहा कि अंकारा, पाकिस्तान और सऊदी अरब के साथ मिलकर तीनों देशों के बीच हुए संयुक्त रक्षा समझौते के तहत क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ रुख अपना रहा है। उन्होंने गाजा पट्टी की स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि गाजा में शांति प्रक्रिया के दूसरे चरण की ओर बढ़ने के प्रयासों के बीच फिलिस्तीनियों के खिलाफ इजरायली अधिकारियों की कार्रवाई बढ़ गई है। राष्ट्रपति एर्दोगन ने जोर देकर कहा कि तुर्की क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति स्थापित करने के प्रयासों और गाजा पट्टी के पुनर्निर्माण की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का समर्थन जारी रखेगा।
