
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत जीसीएफ कॉलोनी सेक्टर-2 में अज्ञात चोरों ने एक सूने घर के तीन ताले तोड़कर अलमारी में रखे लाखों के सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नगदी पार कर दी। घटना के वक्त बुजुर्ग गृहस्वामी अपनी पत्नी को लेने उज्जैन गए हुए थे। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जीसीएफ कॉलोनी सेक्टर-2 सिंधी धर्मशाला के पास निवासी मोहनलाल श्रीवास 72 वर्षीय की पत्नी अपनी बेटी के पास उज्जैन गई हुई थीं। 11 सितंबर की रात करीब 9 बजे मोहनलाल अपने घर में ताला लगाकर पत्नी को लेने के लिए उज्जैन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। बीती रात करीब 8:30 बजे मोहनलाल के किराएदार सुधीर कुमार सांडेल ने देखा कि मकान के अंदर की लाइट जल रही है।
उन्होंने तुरंत फोन पर इसकी जानकारी मोहनलाल को दी। जब किराएदार ने पास जाकर देखा, तो घर का मेन गेट, चैनल गेट और बेडरूम का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे में अलमारी खुली थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की सूचना मिलते ही पीड़ित मोहनलाल श्रीवास जबलपुर वापस लौटे। उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखी सोने, चांदी के जेवर और नगद गायब थे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का पता लगाया जा सके।
