इंदौर: गांधीनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एमआर कॉलोनी में एक कार बेकाबू होकर पलट गई, हादसे में नागदा निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 10.50 बजे हुआ। कार सवार लोग नावदा पंथ की ओर से एमआर कॉलोनी की तरफ आ रहे थे, इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क पर पलट गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने 30 वर्षीय दीपक पिता नारायण, निवासी गड़ोला कॉलोनी नागदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल 23 वर्षीय अश्विन और 20 वर्षीय शोभा का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
