
मऊगंज, मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट परिसर मऊगंज में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया. समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्रा ने किया. उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास योजनाओं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. समारोह में अतिथियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया और उनके योगदान का स्मरण किया गया.
सांसद श्री मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2003 के पहले मध्यप्रदेश बेरोजगारी, सिंचाई के सीमित साधनों, सडक़ों की कमी और औद्योगिक निवेश के अभाव जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था. इसके बाद प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली. जनता के परिश्रम और सरकार की नीतियों से सडक़, बिजली, सिंचाई सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है. उन्होंने कहा कि मऊगंज जिले के समग्र विकास के लिए प्रशासन,जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को आपसी समन्वय से कार्य करना चाहिए.
भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय किसान क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी समारोह में आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए. उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले हनुमना तहसील के ग्राम टटिहरा निवासी दिनेश कुशवाहा को ट्रैक्टर, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले हनुमना तहसील के ग्राम रामकुड़वा निवासी प्रेमशंकर मिश्रा को बुलेट तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले नईगढ़ी तहसील के ग्राम अकौरी निवासी अमोल चतुर्वेदी को इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई. साथ ही मेधावी विद्यार्थियों सीएम राइज स्कूल के छात्र प्रिंस सागर साकेत , श्रीयुत कॉलेज के शिवम मिश्रा एवं पीएम श्री शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय मऊगंज के विनय रजक को श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की ओर से एक लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया. इस अवसर पर कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे, पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई,नगर परिषद अध्यक्ष बृजवासी पटेल, जनपद अध्यक्ष नईगढ़ी श्रीमती ममता कुंज तिवारी, अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी,श्रीमती संतोष सिंह सिसोदिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
