इंदौर: ओवरब्रिज निर्माण के चलते मूसाखेड़ी चौराहे एवं आसपास के क्षेत्र में आने वाले मंदिरों के विस्थापन को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने कड़ा विरोध दर्ज कराया. संगठन ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों के साथ जन-आस्था और धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए.विहिप बजरंग दल के विभाग मंत्री यज्ञेश राठी को मंदिरों को हटाए जाने की जानकारी मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. वहिप बजरंग दल प्रचार प्रमुख अन्नु गेहलोत सहित कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराया.
संगठन ने मांग रखी कि मंदिरों के विस्थापन से पहले स्थानीय मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं से संवाद किया जाए तथा आवश्यक होने पर धार्मिक विधि-विधान के साथ किसी पवित्र एवं उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए. विरोध के बाद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विहिप-बजरंग दल के अधिकारियों और स्थानीय रहवासियों से चर्चा की. चर्चा के पश्चात जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मंदिर को पास ही उपयुक्त एवं पवित्र स्थान पर विधिवत विस्थापित करने पर सहमति बनी. इस अवसर पर प्रवीण दरेकर, लकी रघुवंशी, अन्नु गेहलोत, विवेक शर्मा, कौशल ठाकुर, रघु गुर्जर, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
