वाशिंगटन, 19 सितंबर (वार्ता) अमेरिकी मध्य कमान ने शनिवार को बताया कि हाल के महीनों में अमेरिकी सैन्य नाकेबंदी के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर 1 अरब बैरल से अधिक कच्चे तेल का सुरक्षित परिवहन किया गया है।
अमेरिकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में सेंटकॉम के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा, “सेंटकॉम बलों ने खाड़ी देशों से 1 अरब बैरल से अधिक कच्चे तेल की सुरक्षित निकासी में सहायता की है।” उन्होंने बताया कि अमेरिकी बलों ने समन्वित सुरक्षा प्रदान करके इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से 2,000 से अधिक वाणिज्यिक जहाजों के सुगम आवागमन में मदद की है।
एडमिरल कूपर ने स्पष्ट किया कि जलडमरूमध्य के प्राथमिक पारगमन मार्गों को समुद्री बारूदी सुरंगों से मुक्त करा लिया गया है और हजारों जहाज इस मार्ग से सुरक्षित गुजर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी नाकेबंदी के कारण इस दौरान ईरान कच्चे तेल का एक भी बैरल निर्यात नहीं कर सका है।
कूपर के अनुसार, पिछले दो हफ्तों के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कच्चे तेल, मालवाहक जहाजों और तरल प्राकृतिक गैस की मात्रा पिछले छह महीनों के किसी भी समय की तुलना में सबसे अधिक रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका खाड़ी सहयोग परिषद के देशों, बीमा कंपनियों और शिपिंग कंपनियों के साथ मिलकर इस जलमार्ग के माध्यम से वाणिज्यिक यातायात को और बढ़ाने के लिए काम कर रहा है।
