सतना : शहर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली विभाग की टीमों द्वारा ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ एक विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिनके परिसरों में अभी तक स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं, जिनकी बिजली खपत स्वीकृत लोड की तुलना में काफी कम है, और जिनके मीटर परिसर के बाहर स्थापित हैं।शहर संभाग के कार्यपालन अभियंता मृगेंद्र सिंह चंदेल के निर्देश पर अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न जोनों में औचक निरीक्षण कर विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की.इस दौरान टाउन जोन के जोन अधिकारी अवनीश पाण्डेय ने टिकुरिया टोला के कनिष्ठ अभियंता अजय दुबे के साथ मिलकर सोनोरा और डिलौरा बाईपास के आस-पास के क्षेत्रों में लगभग 10 कनेक्शनों की जांच की, जिसमें गड़बड़ी पाए जाने पर दो उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
इसी तरह टाउन वितरण केंद्र के कनिष्ठ अभियंता अटल कुमार मिश्रा ने अपनी टीम और विभागीय कर्मचारियों के साथ मिलकर सुभाष पार्क मार्ग एरिया में सघन चेकिंग अभियान चलाया. आरईएस जोन के जोनल अधिकारी ने कनिष्ठ अभियंता इसरार के साथ मिलकर राजेंद्र नगर और पतेरी एरिया में दबिश दी। यहाँ ऐसे बारह नॉन स्मार्ट कनेक्शनों की जांच की गई जिनकी खपत लोड के मुकाबले कम थी, और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सभी के खिलाफ प्रकरण तैयार किए गए।
इसके अलावा सहायक अभियंता कोलगवा पूनम गुप्ता ने नई बस्ती एरिया में लगभग आठ नॉन स्मार्ट उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच की, जिनकी बिजली खपत संदिग्ध रूप से कम थी, और यहाँ भी 2 प्रकरण बनाए गए.वहीं मुख्तियार गंज के कनिष्ठ अभियंता राहुल मिश्रा ने भी कम खपत के आधार पर लगभग 6 नॉन स्मार्ट उपभोक्ताओं के यहाँ औचक चेकिंग करते हुए वैधानिक प्रकरण तैयार किए.
कार्यपालन अभियंता शहर मृगेंद्र सिंह चंदेल ने सभी अधिकारियों को यह चेकिंग अभियान निरंतर जारी रखने के कड़े निर्देश दिए हैं और साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने की बात कही है।
