भोपाल: इंदौर नगर निगम के बजट सम्मेलन में वंदे मातरम गाने से कांग्रेस पार्षदों के इनकार का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। पार्षद रुबीना इकबाल खान और फौजिया शेख अलीम द्वारा धर्म का हवाला देते हुए राष्ट्रीय गीत गाने से मना करने पर सदन में विवाद की स्थिति बन गई थी, जिसका अन्य सदस्यों ने विरोध भी किया। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मामले पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पार्टी की मानसिकता उजागर होती है और प्रदेश कांग्रेस को इस पर जवाब देना चाहिए। सीएम ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पार्टी नेतृत्व से स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की।सीएम ने यह भी कहा कि देशभक्ति से जुड़े मुद्दों पर इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है और यदि कांग्रेस कार्रवाई नहीं करती, तो उसके नेताओं को इस्तीफा देना चाहिए।
