गत वर्ष की तुलना में इस साल अगस्त महीने में 5.4 प्रतिशत अधिक माल की ढुलाई, 6.27 प्रतिशत अधिक अर्जित किया राजस्व

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) रेलवे ने इस साल अगस्त महीने में 1379 लाख टन माल की ढुलाई की है, जो गत वर्ष इसी महीने के तुलना में 5.4 प्रतिशत है। वहीं माल ढुलाई से प्राप्त होने वाले राजस्व में 6.27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

रेलवे ने रविवार को बताया कि इस साल अगस्त महीने में यात्रियों की आवाजाही और माल ढुलाई दोनों में वृद्धि दर्ज की गयी है। इस साल अगस्त महीने में 67.27 करोड़ यात्रियों ने ट्रेनों से सफर की। गत वर्ष इसी महीने में यह संख्या 64.43 करोड़ थी। उपनगरीय यात्रियों की संख्या में विशेष रूप से अच्छी वृद्धि देखी गई। ऐसे यात्रियों की संख्या में 9.02 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इस साल अगस्त महीने में कुल 38.01 करोड़ उपनगरीय यात्रियों ने यात्रा की, जबकि गत वर्ष अगस्त महीने में यह संख्या 34.89 करोड़ थी।

रेलवे के अनुसार यह वृद्धि लाखों यात्रियों, विशेषकर घनी आबादी वाले शहरी और उप-शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों, को रोजाना सस्ती यात्रा की सुविधा प्रदान करने में रेलवे नेटवर्क के निरंतर महत्व को दर्शाती है। रेलवे ने बताया कि इस साल अगस्त महीने में अमृत भारत की 14 सेवाओं को नियमित किया गया। इसके बाद देश में अमृत भारत की सेवाओं की कुल संख्या 86 हो गयी। इससे कई महत्वपूर्ण रेलमार्गों पर यात्रियों को यात्रा के लिए अपेक्षाकृत अधिक किफायती और आरामदायक विकल्प मिले। साथ ही उद्योगों के लिए अंतिम-छोर तक माल ढुलाई की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए पांच नये गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) शुरू किए गये।

रेलवे के अनुसार इस साल अगस्त महीन में रेलवे ने 1379 लाख टन माल ढुलाई की, जबकि गत वर्ष के इसी महीने में 1309 लाख टन माल की ढुलाई हुई थी। इस तरह से इस इस साल अगस्त महीने में गत वर्ष के इसी महीने की तुलना में माल ढुलाई में 5.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।

रेलवे ने बताया कि माल ढुलाई में यह वृद्धि कोयला, लौह अयस्क, स्टील, उर्वरक और अन्य सामान जैसे प्रमुख क्षेत्रों से बढ़ती मांग को दर्शाती है। रेल के जरिए अधिक माल की ढुलाई से उद्योगों को भरोसेमंद परिवहन हासिल हुआ है और साथ-ही-साथ विभिन्न इलाकों में आवश्यक सामानों को पहुंचाने में भी मदद मिली है।

रेलवे के अनुसार इस साल अगस्त महीने में गत वर्ष के इसी महीने की तुलना में माल ढुलाई से प्राप्त होने वाले राजस्व में 6.27 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

रेलवे ने बताया कि इस साल अगस्त महीने के दौरान कई अहम वस्तु की ढुलाई में काफी वृद्धि दर्ज की गयी। लौह अयस्क की ढुलाई में 12.1 प्रतिशत, क्लिंकर में 10.4 प्रतिशत, घरेलू कंटेनर में 9.2 प्रतिशत और कोयले में छह प्रतिशत की वृद्धि हुई। तैयार इस्पात की धुलाई में 4.9 प्रतिशत, खनिज तेल में 3.1 प्रतिशत, उर्वरकों में 1.6 प्रतिशत और शेष अन्य सामानों में 8.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

रेलवे के अनुसार गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल नेटवर्क के विस्तार से माल को संभालने वाले केंद्र उत्पादन तथा उपभोग वाले केन्द्रों के निकट आ गये हैं। सामानों को अधिक सीधे और कुशलता से संभालने की सुविधा देकर, ये टर्मिनल अनावश्यक आवाजाही को कम कर सकते हैं, लॉजिस्टिक्स की कार्यक्षमता को बेहतर बना सकते हैं और औद्योगिक व व्यावसायिक स्थानों से माल की तेजी से निकासी में मदद कर सकते हैं।

जीसीटी का बढ़ता हुआ नेटवर्क, रेलवे को भारत के व्यापक लॉजिस्टिक्स अवसंरचना के साथ जोड़ने में भी मदद कर रहा है, जिससे उद्योगों को रेल-आधारित माल ढुलाई की बेहतर सुविधा मिल रही है।

रेलवे के अनुसार त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ी हुई मांग को देखते हुए, भारतीय रेल ने 25 से 31 अगस्त के बीच रक्षाबंधन विशेष रेलगाड़ियों के 144 फेरों का परिचालन किया, जबकि गत वर्ष आठ से 14 अगस्त के बीच 48 फेरों का परिचालन किया गया था।

त्योहारों के दौरान भीड़-भाड़ वाली अवधि में विशेष रेलगाड़ियों की सेवाओं में व्यापक वृद्धि से यात्रा के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध कराने में मदद मिली, जिससे यात्रियों को अत्यधिक मांग वाली इस अवधि में यात्रा करने हेतु और विकल्प हासिल हुए।

रेलवे ने बताया कि त्योहारों के दौरान अपने गृहनगर और परिवार के पास जाने वाले यात्रियों के लिए ऐसी अतिरिक्त सेवाएं विशेष रूप से महत्वपूर्ण होती हैं और इनसे नियमित सेवाओं पर दबाव कम करने तथा भीड़-भाड़ वाली अवधि में यात्रा की सुविधा बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

 

 

 

 

Next Post

पोलैंड सीमा के पास रूसी ड्रोन हमले से पेट्रोल पंप में लगी आग : यूक्रेन

Sun Sep 13 , 2026
कीव, 13 सितंबर (वार्ता) पोलैंड सीमा से महज कुछ सौ मीटर दूर यूक्रेनी शहर याहोडिन पर रूस ने रविवार को भीषण ड्रोन हमला किया जिसकी चपेट में आने से एक पेट्रोल पंप और वहां खड़े कई ट्रकों में आग लग गयी। यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि रूस ने देश […]

You May Like