
जबलपुर। शहर के व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाके मिलौनीगंज के मुख्य मार्ग पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी और हडक़ंप मच गया, जब बिजली विभाग के काम के दौरान एक विद्युत पोल अचानक तिरछा हो गया और सामने स्थित एक मकान से जा टकराया। इस घटना के दौरान पोल पर चढ़ा कर्मचारी और नीचे से गुजर रहे राहगीर बेहद बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि खंभा मकान की दीवार पर टिक गया, वरना एक हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को मिलौनीगंज मुख्य मार्ग पर विद्युत विभाग की टीम द्वारा केबल को बदलने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान विभाग का एक कर्मचारी काम के सिलसिले में बिजली के पोल पर ऊपर चढ़ा। जैसे ही तारों का खिंचाव हुआ, पोल नीचे से कमजोर और जर्जर होने के कारण अपना संतुलन खो बैठा और एक तरफ झुकने लगा। देखते ही देखते पोल सामने बने मकान की ओर जाकर गिर गया। खंभे को अचानक झुकता देख नीचे सडक़ पर चल रहे राहगीरों और दुकानदारों में चीख-पुकार मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वहीं, पोल पर चढ़ा कर्मचारी भी इस अचानक हुए हादसे से सहम गया, लेकिन पोल के मकान पर टिक जाने की वजह से उसे संभलने का मौका मिल गया और वह सुरक्षित नीचे उतर आया। इस घटना में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
यातायात रहा बाधित, विभाग ने किया सुधार कार्य
व्यस्त मार्ग पर पोल झुकने और तारों के लटकने के कारण कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया। घटना के तुरंत बाद एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद की गई। झुके हुए पोल को हटाया गया और लाइन को दुरुस्त करने का सुधार कार्य शुरू किया गया। इसके साथ ही पोल भी बदला गया। इसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।
