
ग्वालियर। उ.म.रेलवे कर्मचारी संघ की जोनल कार्य समिति की बैठक केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें 20 में से 16 कार्य समिति सदस्य मौजूद रहे। बैठक में निलंबित महामंत्री रूपम पांडेय के खिलाफ संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोपों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रदेश महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय ने बताया कि रूपम पांडेय को 15 दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का नोटिस दिया गया था। इसके बाद 7 दिन का रिमाइंडर नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। अनुशासन समिति की जांच रिपोर्ट में भी उन पर संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप सही पाए गए।
चर्चा के बाद कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से रूपम पांडेय को महामंत्री पद से मुक्त करते हुए संगठन की प्राथमिक सदस्यता से 5 वर्ष के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया। रिक्त पद पर संयुक्त मंत्री कुंदन कुमार सिंह को नया महामंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं संयुक्त मंत्री के पद पर कार्यसमिति सदस्य बीना सिंह को नामित किया गया है।
बैठक में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला, विभाग प्रमुख राधेश्याम पांडे, जिला मंत्री रविकांत, भारतीय रेलवे मजदूर संघ के संगठन मंत्री राधावल्लभ त्रिपाठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आईपीएस चौहान सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन कुंदन कुमार सिंह ने किया।
