अलविदा 2025: नव वर्ष 2026 का स्वागत करने लोगों में उमंग

सीधी। वर्ष 2025 को अलविदा करने एवं नव वर्ष 2026 का स्वागत करने के लिए आज रात कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। नव वर्ष का भव्य स्वागत करने के लिए कलाकारों में भी उत्साह है। शहर के सभी होटल नव वर्ष की पार्टी के आयोजन के लिए बुक हो रहे हैं। जिसमें लोगों की भीड़ वर्ष 2025 को अलविदा करने एवं नव वर्ष 2026 का स्वागत करने के लिए देर रात तक उमड़ेगी।

नव वर्ष का स्वागत करने के लिए लोग आज बाजारों में खरीददारी करने भी निकलेंगे। चर्चा के दौरान कुछ युवाओं का कहना था कि नया वर्ष लोगों के लिए बड़ी उम्मीदें लेकर आता है। नए वर्ष में सभी लोगों की इच्छा रहती है कि उनके जीवन में कुछ अच्छा हो। विद्यार्थी जहां पठन-पाठन में उत्तरोत्तर प्रगति चाहते हैं वहीं पढ़-लिखकर बेरोजगार घूम रहे युवा भी चाहते हैं कि उन्हें अच्छी आजीविका का साधन मिल सके। व्यापारी जहां अपने व्यवसाय में बुलंदी चाहता है वहीं नौकरी पेशा से जुड़े लोग भी तरक्की चाहते हैं। खेती-किसानी के कार्य से जुड़े लोगों की उम्मीदें रहती हैं कि नए वर्ष में अनाज की अच्छी पैदावार मिले। जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूती की राह में प्रशस्त हो सके।

मंदिरों में पूजा-अर्चना करेगी उमड़ेगी भीड़

नव वर्ष का आगाज कुछ लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना करने एवं भगवान का आशीर्वाद लेने के साथ करेंगे। जिले के सभी प्रसिद्ध मंदिरों में नव वर्ष के प्रथम दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढऩा शुरू हो जाएगी। यह सिलसिला शाम तक अनवरत रूप से चलता रहेगा। चर्चा के दौरान कुछ लोगों का कहना था कि शास्त्रों के अनुसार भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद ही अच्छे कामों की शुरुआत होती है। नव वर्ष 2026 का शुभारंभ गुरुवार से हो रहा है। इस वजह से श्रद्धालु भगवान श्री विष्णु की पूजा-अर्चना करने को विशेष महत्व देंगे। शहर के पूजा-पार्क स्थित श्री गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ सबसे ज्यादा रहेगी। भगवान श्री गणेश की वैसे भी नए कार्यों के शुभारंभ के पूर्व पूजा-अर्चना करने की परम्परा रही है। इस वजह से भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करना नव वर्ष के लिए मंगलमय एवं शुभकारी रहेगा। इसी वजह से अधिकांश श्रद्धालु भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना को ही प्राथमिकता दे रहे हैं।

००

नव वर्ष पर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी ने जिलेवासियों को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि नव वर्ष आगमन पर आम जनता द्वारा हर्षोल्लास के साथ जश्न मनाया जाता है। नए साल 2026 का स्वागत शांतिपूर्ण सुरक्षा के साथ उत्साह से नव वर्ष उत्सव मनाने के लिए आमजन से जिला पुलिस बल सीधी अपील करती है कि सभी आयोजनों में निर्धारित समय का ध्यान रखा जाकर कार्यक्रम स्वयं बंद करा देंगे। सभी आयोजक डीजे एवं लाउडस्पीकर का उपयोग सुप्रीम कोर्ट एवं शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार ही करना सुनिश्चित करेंगे। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जावेगी नशे की हालत में एवं तेज रफ्तार वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जावेगी। अत: यातायात नियमो का पालन करें। जिला अंतर्गत मुख्य होटल, रेस्टोरेंट्स, ढाबों एवं धर्मशाला पर भी पूर्ण निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों की प्रत्येक गतिविधियों पर सीधी पुलिस की विशेष पैनी नजर रहेगी। नागरिकों से अनुरोध है कि वे ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों का सहयोग करें। आयोजित कार्यक्रम स्थलो पर पार्किंग एवं उसकी सुरक्षा व्यवस्था आयोजक के द्वारा सुनिश्चित की जावेगी।

Next Post

प्रदूषण नियंत्रण के लिए कई मोर्चों पर ठोस कार्रवाई कर रही सरकार : रेखा गुप्ता

Tue Dec 30 , 2025
नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार और एक साथ कई मोर्चों पर ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई कर रही है। श्रीमती गुप्ता ने आज कहा कि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) हटते ही दिल्ली में […]

You May Like