भोपाल। ऐशबाग थाना इलाके में करोंड़ों की संपत्ति के मालिक रहे एक बुजुर्ग दंपत्ति के सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. शनिवार को शव का पुलिस ने पीएम कराया. अज्ञात हमलावरों की तलाश में पुलिस जुट गई है. सुदामा नगर में रहने वाले बुजुर्ग दंपति का खून से लथपथ शव शुक्रवार को देर रात उनके ही मकान के अंदर से पुलिस ने बरामद किया. घर के अंदर से बाहर तक दुर्गंध आने के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर शव को बाहर निकला. मर्ग कायम कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि पति और पत्नी के नाम करीब दो-दो करोड़ रूपए की संपत्ति थी. संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं की भी पुलिस जांच की जा रही है. घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है.
जानकारी के मुताबिक दंपति 70 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी पत्नी वर्षीय शकुंतला बारीक (70) का शव उनके ही घर के अंदर पाया गया. हेमंत का शव फर्श पर और शकुंतला का शव सोफे पर पड़ा मिला. दोनों के सिर पर एक-एक गोली चलाई गई थी. एक गोली शकुंतला के पेट में धंसी मिली. कयास लगाया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने सटीक निशाना लगाते हुए दोनों से कुछ दूरी बनाते हुए गोली चलाई.
दोनों ने रिटायर्ड कर्मचारी थे. हेमंत रेलवे विभाग में और शकुंतला कस्तूरबा अस्पताल नर्स के तौर पर पहले काम करते थे. दोनों की कोई संतान नहीं थी. हेमंत ने अपने घर में ही किराएदार भी रखे थे. दोनों बुजुर्ग करीब दो दिन से घर से बाहर नहीं निकले थे. इसकी भी जानकारी पड़ोसियों और किराएदारों के माध्यम से पुलिस को हुई है. पुलिस को घर के दरवाजा अंदर से बंद होने के बाद शव बरामद हुए हैं. इसके साथ ही दंपत्तियों की हत्या पुलिस के लिए बड़ा सवाल पैदा कर रहे हैं. हेमंत के घर का दरवाजा अंदर से बंद होना, दंपत्ति के सिर पर गोली लगाना और अज्ञात हमलवार के गोली चलाने पर फायरिंग की आवाज लोगों तक नहीं आना जैसे सवालों के जवाब पुलिस अब खंगाल रही है. घटना स्थल को पुलिस ने सील कर दिया है. दंपत्तियों के फोन को जब्त कर पुलिस काल डिटेल्स भी निकाल रही है. पुलिस ने हेमंत के किराएदारों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है. हेमंत की भाभी ने पुलिस को बताया कि बुधवार को आखिरी बार उनकी बातचीत दोनों के साथ हुई थी.
