चंदौली, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के चंदौली में कंदवा पुलिस ने गोवध के मामले में वांछित पश्चिम बंगाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अंतरराज्यीय गोतस्करी नेटवर्क का खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) के माध्यम से गोतस्करों के बैंक खातों में रकम भेजते थे। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के खातों में इनके द्वारा करीब 22 लाख रुपये का लेनदेन किया गया था।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल को बकौड़ी चौराहे के पास चेकिंग के दौरान बोलेरो पिकअप से पांच गोवंश बरामद किए गए थे। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के वीरभूम निवासी हसनुज्जमान उर्फ जूवेल (36) और खेताबुल मौलिक उर्फ सिप्पन (28) के नाम सामने आए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने वर्ष 2023 से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से गोवंश खरीदकर पश्चिम बंगाल में आपूर्ति करने की बात स्वीकार की। नकदी ले जाने से बचने के लिए सीएसपी के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।
