
रीवा, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में जवा विकासखण्ड के ग्राम कल्याणपुर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर से पहले कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा ने हाई स्कूल पटेहरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में साफ-सफाई का अभाव पाया गया। छात्राओं के लिए असुरक्षित स्थल पर शौचालय का निर्माण किया गया है जहाँ जाने में छात्राओं को परेशानी होती है।
कलेक्टर ने निरीक्षण करते हुए कहा कि प्राचार्य विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ स्कूल की व्यवस्था पर भी ध्यान दें। स्टाफ रूम की आलमारियों के ऊपर भरा कचरा तत्काल साफ कराएं। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को अभी तक नि:शुल्क पुस्तकें नहीं मिली हैं, ऐसी स्थिति सहन नहीं की जाएगी। अभी 99 विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति के आवेदन भी लंबित हैं। प्राचार्य दो दिवस में सभी आवेदन पत्र दर्ज कराएं। मौके पर उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा ने बताया कि प्राचार्य द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही है। उनके विरूद्ध हाईकोर्ट में अवमानना का प्रकरण भी चल रहा है। कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य के विरूद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।