
छिंदवाड़ा / परासिया। अमरवाड़ा वन परिक्षेत्र से निकलकर परासिया वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा जंगली हाथी अब तामिया क्षेत्र की ओर पहुंच गया है। बुधवार देर शाम को हाथी को तामिया-जुन्नारदेव मार्ग के बीच ग्राम धूसावानी क्षेत्र में विचरण करते देखा गया। इसके बाद वह जुन्नारदेव की दिशा में तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दिया। जंगली हाथी की मौजूदगी की सूचना से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति है। वन विभाग की संयुक्त टीम सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। निगरानी दल में फॉरेस्टर यशवंत सिंह परतेती, संजय धुर्वे, वनरक्षक सोनू भलावी एवं पतलसी भारती सहित वन विभाग का अमला लगातार हाथी की लोकेशन और उसके विचरण मार्ग पर नजर बनाए हुए है। वन विभाग की टीम हाथी के संभावित विचरण क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को सतर्क कर रही है। ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने तथा हाथी के विचरण मार्ग से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। वन विभाग ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी स्थिति में हाथी के नजदीक जाने या उसे परेशान करने का प्रयास नहीं करने की अपील कर क्षेत्र में मुनादी करवा रहा है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल ०००००००
बुधवार सुबह हाथी के खेतों के बीच से गुजरने के वीडियो और फोटो सामने आने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथी के लगातार क्षेत्र बदलने को देखते हुए वन विभाग की टीमें उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले हाथी अमरवाड़ा के जंगलों में देखा गया था। इसके बाद वह नंदोरी और भोंकई होते हुए बिजोरी क्षेत्र तक पहुंच गया। अब हाथी तामिया के ग्राम धूसावानी से होता हुआ जामई की ओर बढ़ रहा है।
वन विभाग की एडवाइजरी ०००००००
तामिया रेंजर गुरूदयाल साहू ने बताया कि तामिया क्षेत्र में हाथी के विचरण को देखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग ने लोगों से स्पष्ट रूप से कहा है कि हाथी को देखकर उसके करीब जाने, फोटो खींचने या वीडियो बनाने की कोशिश ना करे यह जानलेवा हो सकता है। साथ ही ग्रामीणों को हिदायत भी दी गई है कि वे सुबह के समय जल्द घर से ना निकले, खेतों की ओर ना जाए ।
सुरक्षा में लगी तीन वनपरिक्षेत्र की टीम ००००००००
तामिया रेंजर गुरूदयाल साहू ने बताया कि हाथी की सुरक्षा को लेकर वन विभाग अल्र्ट मूड में है। हाथी की सुरक्षा में तामिया वनपरिक्षेत्र की चार टीम लगी हुई है। वहीं सांगाखेड़ा वनपरिक्षेत्र और जामई वनपरिक्षेत्र का वन अमला भी हाथी की सुरक्षा में लगा हुआ है। जिस दिशा में हाथी बढ़ रहा है उस दिशा में आने वाले गांवो में वन अमला पूर्व से ही जाकर लोगों को सर्तक कर रहा है ताकी हाथी के आगे जाने का रास्ता साफ हो सके वहीं कोई अप्रीय घटना घटित ना हो । रात के समय भी हाथी पर वनविभाग की टीम नजर बनाए हुए है।
