
उज्जैन। इंदौर नागदा बायपास मार्ग पर रात 10 बजे के लगभग बाइक और ट्राले के बीच भिड़ंत की हो गई। बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हुए जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां एक की मौत हो चुकी थी दो को उपचार के लिए भर्ती किया गया।
चिंतामन थाना क्षेत्र के इंदौर नागदा बायपास मार्ग राजाराम रिसोर्ट के आगे शराब दुकान के सामने रात में बाइक और ट्राले के बीच भिड़ंत हो गई थी। बाइक पर सवार तीन युवक घायल हुए थे जिन्हें एंबुलेंस से शासकीय चरक अस्पताल पहुंचाया गया। परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने एक को मृत पाया दो को गंभीर चोट होने पर उपचार के लिए भर्ती किया गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल से अस्पताल पहुंची घायलों के बयान दर्ज किए गए तो उनके नाम राहुल पिता दिलीप चंद्रावत निवासी शांति नगर, सतीश पिता रमेश चंद्र यादव निवासी सार्थक नगर सामने आए। उन्होंने बताया कि उनके साथ दुर्घटना में मृतक बाबूलाल पिता चैन सिंह निवासी शांति नगर था। पुलिस ने दुर्घटना की सूचना तीनों के परिजनों को दी और मामले में दुर्घटना का मामला दर्ज करने के साथ मर्ग कायम किया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान सामने आया कि बाबूलाल मिस्त्री का काम करता था और इंदौर नागदा बायपास पर बनी हाटकेश्वर कॉलोनी में काम करने के बाद सतीश की बाइक पर राहुल के साथ घर लौट रहा था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप जांच शुरू की है।
