नयी दिल्ली 10 सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से टेलीफोन पर बात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की। भारत और जर्मनी इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे कर रहे हैं।
बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की निरंतर गति पर संतोष जताया और व्यापार एवं निवेश, उन्नत प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा, रक्षा, शिक्षा तथा प्रतिभा की आवाजाही समेत प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहरायी। श्री मोदी और चांसलर मर्ज ने आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।
दोनों नेताओं ने वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम जारी रखने पर सहमति जतायी।
