इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र के अंजनि नगर में दुकान के सामने वाहन खड़ा करने और बोर्ड लगाने को लेकर दुकानदारों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि पड़ोसी डॉक्टर ने चश्मे की दुकान का होर्डिंग तोड़ दिया और विरोध करने पर दुकानदार व उसके साथी को जान से मारने की धमकी दी.फरियादी शुभम जैन की अंजनि नगर में शुभ आई केयर नाम से दुकान है. शुभम ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी डॉ. अफरोज खान आए दिन दुकान के सामने वाहन खड़ा करने के साथ उनके बोर्ड पर अपना बोर्ड लगा देते थे. गुरुवार रात भी उन्होंने दुकान के सामने कार खड़ी कर दी.
हटाने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान डॉ. अफरोज ने गाली गलौज की और शुभम व वहां मौजूद डॉ. सोमेश खत्री से अभद्रता की. इसके बाद दुकान का होर्डिंग तोड़ दिया और दोनों को जान से मारने की धमकी देकर चले गए. थाना प्रभारी वेदेन्दु सिंह कुशवाह ने बताया कि शिकायत पर एरोड्रम पुलिस ने डॉ. अफरोज खान के खिलाफ गाली गलौज, तोड़फोड़ और धमकी देने का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
