पचोर: करेंसी एक्सचेंज के नाम पर कथित तौर पर पांच लाख रुपये की ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.40 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।यह कार्रवाई राजगढ़ पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सारंगपुर अरविंद सिंह के पर्यवेक्षण में पचोर थाना पुलिस ने की।
पुलिस के अनुसार, सारंगपुर निवासी एक व्यक्ति ने 25 अगस्त को शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला और दो पुरुषों ने पचोर मंडी में करेंसी एक्सचेंज कराने के बहाने उससे पांच लाख रुपये की ठगी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश और रकम बरामद करने के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, जिसके आधार पर तीनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शेष रकम की बरामदगी और वारदात में शामिल संभावित अन्य लोगों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
